जिला अध्यक्ष बोले- रानी दुर्गावती ने अस्मिता के लिए युद्धभूमि को चुना, समाजवादी सिपाही जन-जन तक पहुंचाएं अखिलेश की नीतियां
सोनभद्र। समाजवादी पार्टी कार्यालय राबर्ट्सगंज पर बुधवार को साहस और शौर्य की प्रतीक महान वीरांगना रानी दुर्गावती जी के बलिदान दिवस पर कोटि-कोटि नमन करते हुए संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी जिला अध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि महान वीरांगना रानी दुर्गावती ने मुगल सत्ता के सामने झुकने से इनकार कर स्वतंत्रता और अस्मिता के लिए युद्धभूमि को चुना। उन्होंने यह साबित कर दिया कि दुश्मनों के हाथों मरने से अच्छा है कि अपनी कर्मभूमि पर ही बलिदान हो जाना। रानी दुर्गावती ने हमेशा अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी और गरीबों, मजदूरों और नौजवानों की लड़ाई लड़ने का काम किया।
श्री यादव ने कहा कि आज हम सभी समाजवादियों की जिम्मेदारी है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं। हर वर्ग, गरीब समाज के लोगों की समस्याओं को सुनकर अपने स्तर से निस्तारण करें और हर गरीब की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ें, जिससे राष्ट्रीय अध्यक्ष के हाथ मजबूत हों। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद किसान, मजदूर, नौजवान, व्यापारी, महिलाएं महंगाई और लूट-हत्या से ऊब चुके हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकेगी।
संगोष्ठी में पूर्व जिला अध्यक्ष संजय यादव, मोहम्मद सईद कुरैशी, अनिल प्रधान, सरदार पारब्रह्म सिंह, लालू भारती, प्रमोद शौर्य त्रिपाठी, अतुल दुबे, हरिशंकर विश्वकर्मा, मनीष केडिया, जितेंद्र, रामसूदीन, दीपक केसरी, दिनेश सरोज, अंकित लालू, संतोष, अभय सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






