अमित मिश्रा
O- जिला अध्यक्ष ने कहा – बूथ स्तर तक मजबूत करें संगठन
सोनभद्र । समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित मासिक बैठक में आगामी विधानसभा एवं स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राम निहोर यादव ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव मोहम्मद सईद कुरैशी ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वे जनपद के हर बूथ पर जाकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने से ही आगामी विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल होगी। साथ ही, स्नातक एमएलसी चुनाव को देखते हुए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने पर भी जोर दिया।
भाजपा सरकार पर साधा निशाना
लोकसभा सांसद छोटेलाल सिंह खरवार ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों को शिक्षा से वंचित करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा, “शिक्षा को महंगा करके भाजपा ने गरीब बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ किया है। समाजवादी पार्टी को आदिवासी, गरीब और मजदूरों की लड़ाई लड़नी होगी।”
पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय सचिव अविनाश कुशवाहा और पूर्व विधायक रमेश चंद दुबे ने भी भाजपा की शिक्षा नीति पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को भाजपा के इन षड्यंत्रों को विफल करना होगा।
नए सदस्यों का हुआ स्वागत
बैठक में आरती मौर्या, कंचन मौर्य, गिरिजा देवी, अशोक पाल, विजय कुमार सोनकर समेत कई नए सदस्यों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष श्याम बिहारी यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार यादव, जिला उपाध्यक्ष वेदमानी शुक्ला, डॉ. लोकपति सिंह पटेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में चुनावी रणनीति, जनसंपर्क और संगठन को मजबूत बनाने पर विस्तृत मंथन किया गया। सभी ने मिलकर पार्टी को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।







