दुःखद: बिजली विभाग की लापरवाही, झूलते हाईटेंशन तार के करेन्ट से किशोर की मौत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नवीन कुमार

मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

कोन(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पड़रछ के खड़ार टोला में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में हाईवोल्टेज विद्युत तार की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया। नाराज ग्रामीणों ने शव को कोन-तेलगुड़वा मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


जानकारी के अनुसार खड़ार टोला निवासी संदीप यादव (16) पुत्र बेचू यादव उर्फ रमाशंकर यादव मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे बकरी चराने खेत की ओर गया था। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार की चपेट में आ गया। ग्रामीणों के अनुसार तार लंबे समय से काफी नीचे लटक रहा था। करंट लगने से संदीप गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मृतक दो भाइयों में सबसे छोटा था। जवान बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि झूलते हाईवोल्टेज तार की शिकायत कई बार विभागीय अधिकारियों से की गई थी। इस संबंध में तहसील दिवस में भी प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की उदासीनता के कारण यह हादसा हुआ।


घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शाम करीब चार बजे शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने का इंतजार कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?