पूर्व सैनिक के घर जाने वाली सड़क 15 साल से जर्जर, बरसात में ग्रामीणों का जीना दुश्वार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

खैराही-किरवानी संपर्क मार्ग पर गड्ढों में भरा पानी, दुर्घटनाएं आम

म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत खैराही और किरवानी को जोड़ने वाली संपर्क सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। बरसात के कारण जगह-जगह गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। यह सड़क लगभग 15 वर्ष पूर्व ईंट से बनाई गई थी। अब ईंटें उखड़कर सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गई है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। पानी भरे गड्ढों की गहराई न दिखने के कारण कई बार बाइक सवार गिरकर चोटिल हो चुके हैं। पूर्व सैनिक का घर भी इसी रास्ते पर
इसी मार्ग पर द्वितीय विश्वयुद्ध एवं 1945 के भारत-वर्मा युद्ध में भारतीय सेना का हिस्सा रहे स्व. केदारनाथ दुबे का निवास है। उनकी 97 वर्षीय पत्नी सावित्री देवी ने बताया कि खैराही स्थित कुसुमलता के घर से किरवानी निवासी पूर्व प्रधान शिवप्रसाद वाया शोभलाल के घर तक की सड़क का हाल सबसे खराब है।ग्रामीणों ने बताया कि बीमार होने पर कार, एंबुलेंस जैसे चार पहिया वाहन भी इस सड़क पर नहीं आ पाते। कई बार दुर्घटना में लोगों के हाथ-पैर की हड्डियां तक टूट चुकी हैं।

विधायक को पत्र, अब तक कोई कार्रवाई नहीं
ग्रामीण शिवप्रसाद, छोटेलाल, विनोद, सत्तार, अमेरिका, आशा, रोहित, जब्बार, अशोक, प्रशांत, रामकेश्वर, विजय भारती, राजेश, राकेश आदि ने बताया कि बीते महीने ओबरा विधानसभा के विधायक एवं समाज कल्याण मंत्री संजीव गोड़ को पत्र देकर सड़क निर्माण की मांग की गई थी, लेकिन अभी तक कोई काम शुरू नहीं हुआ।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के जेई श्रीकेश सिंह ने बताया कि यह सड़क लोक निर्माण विभाग के क्षेत्राधिकार में नहीं आती। यदि इसे किसी विभाग द्वारा स्थानांतरित किया जाता है, तभी लोक निर्माण विभाग इसका निर्माण करा सकेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात से पहले इस जर्जर सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Comment

1529
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?