बारिश से प्रभावित क्षेत्रो में राहत व बचाव कार्य जारी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

जलनिकासी, लंच एवं राशन पैकेट वितरण के साथ नालियों की सफाई और सड़कों की मरम्मत का कार्य तेज

जिलाधिकारी के निर्देश है कि जलभराव से प्रभावित नागरिकों को तत्काल मिले सहायता

सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद में भारी वर्षा के कारण उत्पन्न जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी श्री चर्चित गौर के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर राहत, बचाव एवं जनसुविधा से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि जलभराव के कारण किसी भी नागरिक को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। अधिक जलभराव वाले क्षेत्रों में जिन घरों के आसपास पानी एकत्रित हो गया है, वहां जलनिकासी की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। प्रशासनिक टीमों के साथ-साथ विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा भी राहत एवं सहयोग कार्यों में सक्रिय भागीदारी की जा रही है।

अंबेडकर नगर एवं शक्तिनगर क्षेत्र में प्रभावित परिवारों के बीच व्यापक स्तर पर लंच पैकेट एवं राशन पैकेट का वितरण किया जा रहा है, ताकि जलभराव की स्थिति में लोगों को भोजन एवं आवश्यक खाद्य सामग्री के लिए परेशानी न उठानी पड़े।

इसके साथ ही प्रभावित गांवों एवं बस्तियों में लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी कराकर लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि भारी बारिश एवं जलभराव के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

बारिश के पानी के कारण जिन नालियों में जलनिकासी बाधित हुई है अथवा जो नालियां कचरे एवं मिट्टी के कारण चोक हो गई हैं, उनकी सफाई का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। जलनिकासी के रास्तों को सुचारु करने के लिए संबंधित विभागों एवं स्थानीय टीमों को मौके पर लगाकर कार्य कराया जा रहा है, जिससे जलभराव को शीघ्र समाप्त किया जा सके। जहां आवश्यकता है, वहां मशीनों के माध्यम से पानी एवं मलबा हटाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।

भारी बारिश के चलते जिन सड़कों पर अत्यधिक मिट्टी एवं मलबा एकत्रित हो गया है, वहां जेसीबी, पोकलेन सहित अन्य मशीनों के माध्यम से मिट्टी एवं मलबा हटाने का कार्य लगातार जारी है। इसी क्रम में औड़ी मोड़ से शक्तिनगर गेट तक क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त सड़क के हिस्सों में गिट्टी आदि डालकर गड्ढों को भरने तथा सड़क की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है, ताकि आवागमन सुचारु बना रहे और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी चर्चित गौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद में जलभराव की स्थिति वाले सभी क्षेत्रों में राहत, जलनिकासी, साफ-सफाई, खाद्य सामग्री वितरण एवं सड़क मरम्मत के कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि जलभराव की स्थिति में किसी भी नागरिक को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का तत्काल संज्ञान लेते हुए उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। जलनिकासी के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराया जाए तथा सड़क, नाली एवं अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को शीघ्र सामान्य स्थिति में लाया जाए।
जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त संसाधन एवं मशीनरी लगाकर राहत एवं बचाव कार्यों को और तेज किया जा रहा है।


जिला प्रशासन की अपील है कि भारी बारिश एवं जलभराव की स्थिति में नागरिक अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, जलभराव वाले स्थानों एवं तेज बहाव वाले रास्तों से दूर रहें तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा लाउडस्पीकर एवं अन्य माध्यमों से जारी की जा रही सावधानियों का पालन करते हुए सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1545
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?