ड्यूटी पर जा रहा था कांस्टेबल, हाथ-पैर में फ्रैक्चर, जिला अस्पताल रेफर
म्योरपुर (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर रासपहरी गांव के पास मंगलवार सुबह करीब 11 बजे सड़क पर अचानक आए मवेशी से टकराकर बाइक सवार सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। वह म्योरपुर से गर्म कपड़े लेकर वापस ड्यूटी पर दुद्धी जा रहा था।
प्रयागराज निवासी 24 वर्षीय अत्रेय पाठक म्योरपुर थाने में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। उनकी ड्यूटी दुद्धी तहसील में लगी है। ठंड को देखते हुए सिपाही म्योरपुर अपने गर्म कपड़े लेने आया था। गर्म कपड़े लेकर मंगलवार की सुबह वह दुद्धी जा रहा था। जैसे ही वह म्योरपुर थाना क्षेत्र के रासपहरी गांव के पास मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर पहुंचा, इसी दौरान अचानक एक मवेशी सामने आ गया, जिससे टकराकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना पर पुलिस ने 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल कांस्टेबल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया। म्योरपुर अस्पताल में डॉ. पल्लवी सिन्हा ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉ. पल्लवी सिन्हा ने बताया कि कांस्टेबल के एक पैर और एक हाथ में फ्रैक्चर है। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं।









