चंदौली जिले के नौगढ़ में देव दीपावली के अवसर पर मंगलवार की शाम नौगढ़ स्थित दुर्गा मंदिर पोखरा 11 हजार दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। दुर्गा पूजा कमेटी और ग्रामवासियों के सहयोग से पोखरा परिसर व घाटों पर 11 हजार दीप जलाए गए। दीपों की जगमगाहट और रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा पोखरा आकर्षक नजर आया। मनमोहक दृश्य देखने के लिए शाम करीब सात बजे से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दुर्गा मंदिर पोखरा पहुंचने लगे। देर शाम तक यहां श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।
दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से आयोजित देव दीपावली कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने दीपों के बीच पूजा-अर्चना की। जलते हुए दीपों की रोशनी जब पोखरा के पानी में प्रतिबिंबित हुई तो पूरा परिसर बेहद मनोहारी दिखाई देने लगा। श्रद्धालुओं ने इस अद्भुत दृश्य को अपने कैमरों में भी कैद किया।
कमेटी के पंकज जायसवाल ने बताया कि इस बार दुर्गा पूजा कमेटी और ग्रामवासियों के सहयोग से 11 हजार दीप जलाए गए हैं। इससे दुर्गा मंदिर पोखरा पूरी तरह रोशनी से जगमगा उठा। देव दीपावली देखने और घूमने पहुंचे श्रद्धालुओं को प्रसाद का भी वितरण किया गया।
दीप प्रज्ज्वलन और आयोजन की तैयारियों में अजीत विश्वकर्मा, राजू केशरी, सुनील शर्मा, राजू पांडेय, आकाश केशरी, अनिल यादव, अक्षय विश्वकर्मा, अमन जायसवाल, अन्नू निषाद, मोहम्मद रहीम, राहुल केशरी समेत अन्य लोगों का सहयोग रहा। ग्रामवासियों ने भी दीप जलाने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।
क्यों मनाई जाती है देव दीपावली
धार्मिक मान्यता के अनुसार देव दीपावली भगवान शिव से जुड़ा पर्व है। मान्यता है कि भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इसी विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। इसी परंपरा के तहत देव दीपावली पर दीपदान करने की परंपरा है। श्रद्धालु इस दिन दीप जलाकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं।









