जिलाध्यक्ष राजीव कुशवाहा बोले- सभी लेखपालों की समस्याओं का होगा समाधान
सोनभद्र। शुक्रवार को तहसील सदर में लेखपाल संघ जनपद सोनभद्र की त्रैमासिक बैठक जिलाध्यक्ष राजीव कुशवाहा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्वी जोन सुबोध सिंह, जिला मंत्री अमित कुमार शुक्ला, तहसील अध्यक्ष संजय सिंह, विनय गुप्ता, कुलदीप सिंह, गोपेंद्र देव पांडे, तहसील मंत्री साजिद खान, अनूप यादव सहित रॉबर्ट्सगंज तहसील के लगभग 60 सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में पदाधिकारियों ने अपनी-अपनी तहसीलों की समस्याओं को जिला कार्यकारिणी के समक्ष रखा। प्रदेश उपाध्यक्ष सुबोध सिंह और तहसील अध्यक्षों ने क्षेत्रीय लेखपालों के सामने आ रही प्रशासनिक, वेतन संबंधी और कार्यदायित्व की समस्याओं को विस्तार से बताया।
जिला मंत्री अमित कुमार शुक्ला ने सभी समस्याओं को संकलित करते हुए उन्हें संबंधित उच्च अधिकारी को अवगत कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि लेखपालों की जायज मांगों और समस्याओं को प्राथमिकता से निस्तारित कराया जाएगा, ताकि राजस्व कार्यों में कोई बाधा न आए।
जिलाध्यक्ष राजीव कुशवाहा ने कहा कि संघ सभी लेखपालों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सभी की समस्याओं का निराकरण कराकर कार्य की दशा सुधारना हमारा मुख्य उद्देश्य है।





