चंदौली जिले के नौगढ़ राजकीय महाविद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में “नशा मुक्ति भारत अभियान-विकसित भारत की पहचान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के तहत छात्र-छात्राओं ने गांवों में पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने रैली निकालकर और विभिन्न जागरूकता स्लोगनों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। छात्रों ने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है तथा इससे सामाजिक और आर्थिक समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं।
इस अवसर पर डॉ. सर्वेश कुमार सिंह ने लोगों से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए नशामुक्त जीवनशैली अपनाना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि नशा एक ऐसी सामाजिक बुराई है, जो व्यक्ति के शरीर, मन और समाज को गहरे स्तर पर प्रभावित करती है। नशे की लत व्यक्ति को आत्मनियंत्रण से दूर कर उसके जीवन को विनाश की ओर ले जाती है। इसलिए नशा मुक्ति की आवश्यकता आज के समय में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में डॉ. कृष्ण कुमार, डॉ. देवेंद्र नाथ गिरी, मनीष राज बावरे, महेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





