भाजपा शक्ति केंद्रों पर लिया गया संरक्षण का संकल्प:अशोक मिश्रा
सोनभद्र । प्रदेश सरकार द्वारा संचालित वृहद पौधरोपण अभियान एवं “एक पेड़ माँ के नाम” जनभागीदारी कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को चतरा मंडल के शक्ति केंद्र सिल्थम, डुमरिया एवं निवारी में व्यापक स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक मिश्रा एवं चतरा मंडल अध्यक्ष योगेंद्र बिन्द ने किया।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। सभी ने यह भी संकल्प लिया कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण एवं संवर्धन का दायित्व भी पूरी निष्ठा से निभाया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक मिश्रा ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल वृक्ष लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृ सम्मान, प्रकृति संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त संदेश है। जिस प्रकार माँ हमें जीवन देती हैं, उसी प्रकार वृक्ष समस्त जीव-जगत को प्राणवायु, छाया, जल संरक्षण और हरित जीवन प्रदान करते हैं।
मंडल अध्यक्ष योगेंद्र बिन्द ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ता प्रदूषण, जल संकट और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने का सबसे सरल और प्रभावी उपाय अधिक से अधिक पौधरोपण है। उन्होंने प्रत्येक परिवार से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने एवं उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा पूर्व ब्लाक प्रमुख मुन्ना धांगर, मंडल महामंत्री सतीश सिंह, पूर्व महामंत्री नंदलाल विश्वकर्मा, लालू धांगर, गोपाल जयसवाल, मोहन बिन्द, सिद्धनाथ चौबे, प्रेम नाथ बिन्द, संजय दुबे, रामसूरत बिन्द, जवाहर जायसवाल, बुद्धि नारायण धांगर, धीरेंद्र धांगर, राजकुमार जायसवाल, रामराज चेरो, प्रदुमन बिन्द, मनोज पांडे, राजू विश्वकर्मा, प्रकाश धांगर सहित अन्य पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, पर्यावरण संरक्षण तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के संकल्प के साथ हुआ।






