वीरेंद्र कुमार
विढमगंज (सोनभद्र) । उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जनपद सोनभद्र के विकासखंड दुद्धी अंतर्गत ग्राम पंचायत महुली में कब्रिस्तान महुली से पतरिहा बॉर्डर तक सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है। यह सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में थी, जिसके कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए कहा कि ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इस सड़क की समस्या को गंभीरता से लेते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे जनहित में स्वीकृति मिली और अब निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग महुली और पतरिहा क्षेत्र के लोगों के लिए जीवनरेखा जैसा है। रोजाना किसान, छात्र, मजदूर और आम नागरिक इसी रास्ते से गुजरते हैं। बरसात के मौसम में सड़क पर कीचड़ और जलभराव के कारण हालात बेहद खराब हो जाते थे, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था। अब सड़क निर्माण शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
स्थानीय लोगों ने ग्राम पंचायत और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क बनने से न केवल आवागमन आसान होगा बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी। ग्रामीणों का मानना है कि बेहतर सड़कें गांवों की अर्थव्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को मजबूत करती हैं।





