लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पांच टीमों से युद्धस्तर पर सफाई के निर्देश, रोज देनी होगी जियो टैग रिपोर्ट : चर्चित गौंड जिलाधिकारी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

O- जलभराव पर सख्त हुए डीएम चर्चित गौड़: इमरती कॉलोनी में औचक निरीक्षण, 10 दिन में नाला सफाई का अल्टीमेटम

सोनभद्र (उत्तरप्रदेश)। जिले में लगातार बढ़ती जलभराव की समस्या को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ अब एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। इमरती कॉलोनी में जलनिकासी व्यवस्था की बदहाल स्थिति और वाराणसी-शक्तिनगर राज्य मार्ग के किनारे बने नालों की गंदगी पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए औचक निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को 10 दिनों के भीतर सफाई कार्य पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने वाराणसी- शक्तिनगर राज्य मार्ग के किनारे नगर पालिका क्षेत्र में बने लगभग दो किलोमीटर लंबे नाले का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नाले की सफाई युद्धस्तर पर कराई जाए और इसके लिए कम से कम पांच अलग-अलग टीमें लगाई जाएं।

डीएम ने साफ शब्दों में कहा कि सफाई कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि नाले की सफाई से संबंधित प्रतिदिन की जियो टैग फोटो प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि कार्य की निगरानी पारदर्शी तरीके से हो सके।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार को भी सफाई अभियान में नगर पालिका की टीमों को सक्रिय रूप से लगाने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने इमरती कॉलोनी में लंबे समय से बनी जलभराव की गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए कराए जा रहे सर्वे कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सर्वे कार्य शीघ्र पूरा कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को जलभराव की परेशानी से राहत मिल सके।

मौके पर संबंधित विभागों के अधिकारी, निर्माण एजेंसी के अधिशासी अभियंता और नगर पालिका की टीम मौजूद रही।

जिलाधिकारी की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या का अब स्थायी समाधान निकल सकेगा।

Leave a Comment

1469
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?