अमित मिश्रा
एक वृक्ष मां के नाम अभियान के अंतर्गत हुआ पौधरोपण, छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। महिला कल्याण विभाग व जिला प्रोबेशन विभाग के द्वारा जिलाधिकारी के निर्देशन और मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत द आर्यन एकेडमी में कला एवं मेहंदी प्रतियोगिता, पौधरोपण तथा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस कला प्रतियोगिता में कक्षा 5 की माही ने प्रथम, कक्षा 7 की परी मिश्रा ने द्वितीय तथा कक्षा 7 की अनिका त्रिपाठी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं मेहंदी प्रतियोगिता में कक्षा 9 की मानवी मौर्या प्रथम, कक्षा 9 की शुभांगी मौर्या द्वितीय एवं कक्षा 6 की अनुराधा राजवंशी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला सशक्तिकरण एवं बालिका शिक्षा के महत्व के साथ महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
जेंडर स्पेशलिस्ट साधना मिश्रा ने महिला हेल्पलाइन-181, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, आपातकालीन सेवा-112 एवं साइबर क्राइम हेल्पलाइन-1930 के संबंध में जागरूक करते हुए बाल अधिकार एवं बाल संरक्षण पर विस्तार से जानकारी दी।
दीपिका सिंह ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला (विधवा) पेंशन योजना एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या चित्रा जालान ने एक वृक्ष मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधरोपण करते हुए कहा कि पेड़ है तो प्राण है का संदेश दिया।
कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाएँ उमाकांत दुबे, महेश त्रिपाठी, निशा चौबे, यासमीन, सुषमा पाण्डेय, प्रिया, सुमन, अर्पणा सहित 127 छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।






