म्योरपुर जिला सहकारी बैंक का प्रिंटर 8 महीने से खराब, खाताधारक परेशान

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

शाखा प्रबंधक राजेश कुमार बोले- मुख्यालय को भेजी जा चुकी है सूचना, नई मशीन आते ही शुरू होगा काम

सोनभद्र। म्योरपुर ब्लॉक स्थित जिला सहकारी बैंक शाखा में पिछले लगभग आठ महीनों से पासबुक प्रिंटर मशीन खराब पड़ी है। इससे खाताधारकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रिंटर खराब होने के कारण न तो पुराने खाताधारकों की पासबुक में लेन-देन की प्रविष्टियां हो पा रही हैं और न ही नए खाता खुलवाने वाले ग्राहकों को पासबुक उपलब्ध कराई जा रही है। बैंक पहुंचने वाले खाताधारकों का कहना है कि पासबुक अपडेट न होने से उन्हें अपने खाते में जमा राशि, निकासी और अन्य वित्तीय लेन-देन की सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। इससे किसानों, मजदूरों, पेंशनधारकों और अन्य ग्राहकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राहकों ने बताया कि कई बार बैंक जाकर जानकारी लेने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है। पासबुक प्रिंट न होने के कारण उन्हें खाते की स्थिति जानने के लिए बार-बार बैंक का चक्कर लगाना पड़ रहा है। इस संबंध में शाखा प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि प्रिंटर मशीन खराब होने की सूचना मुख्यालय को काफी पहले भेज दी गई है। मुख्यालय स्तर से नई मशीन अथवा आवश्यक व्यवस्था उपलब्ध कराए जाने के बाद खाताधारकों की समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जैसे ही प्रिंटर मशीन उपलब्ध होगी, पासबुक प्रिंटिंग और नए खाताधारकों को पासबुक वितरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। क्षेत्रीय ग्रामीणों हामिद, सुरेश, अली बेग, राम प्रसाद, शिव बालक समेत अन्य खाताधारकों ने जिला सहकारी बैंक प्रशासन से शीघ्र नई प्रिंटर मशीन उपलब्ध कराकर समस्या का समाधान करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?