अमित मिश्रा
O- विधानसभा 401 के भावी प्रत्याशी संदीप मिश्रा ने सदर विधानसभा के परिवारजनों के कल्याण के लिए पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लिया।
सोनभद्र। ‘पेड़ हैं तो प्राण हैं’ जन आंदोलन के तहत पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली जब सदर ब्लॉक के ग्राम सभा धोबही स्थित नव निर्मित शिव सरोवर परिसर में सोमवार को रुद्राभिषेक के पश्चात 51 आम के पौधे रोपित किए गए।
इस विशेष अवसर पर अभियान के संयोजक भावी प्रत्याशी संदीप मिश्रा ने समस्त 401 सदर विधानसभा के परिवारजनों के कल्याण के लिए देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना की और शिव सरोवर की पवित्र भूमि पर पौधरोपण करते हुए पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लिया।
संदीप मिश्रा ने बताया कि यह आयोजन बाबा स्वर्गीय कैलाश नाथ मिश्र की स्मृति को समर्पित था, जिनके पर्यावरण और संस्कृति प्रेम को याद करते हुए परिवार की वरिष्ठ सदस्य दादी केवला देवी के हाथों दर्जनों पौधों का रोपण कराया गया।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत हर गांव, हर गली, हर घर तक यह संदेश पहुंचाया जा रहा है कि “हर बच्चे के नाम एक पेड़” लगाया जाएगा और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी उसी बच्चे और उसके परिजनों की होगी। यह न केवल पर्यावरण की रक्षा का माध्यम बनेगा, बल्कि युवा पीढ़ी में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता भी जागृत करेगा।
संदीप मिश्रा ने कहा कि पेड़ लगाने की यह मुहिम अब महज अभियान नहीं, बल्कि एक जनांदोलन बन चुकी है, जिसमें गांव-गांव के युवाओं की भागीदारी उत्साहजनक रूप से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ पौधरोपण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित वातावरण देने का एक प्रयास है।
इस मौके पर श्याम सुंदर मिश्र, ओमप्रकाश मिश्र, नाथ मिश्र सहित परिवार के कई सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर पौधों को धरती माता को समर्पित किया।
इस पहल ने साबित कर दिया कि श्रद्धांजलि यदि सच्चे अर्थों में दी जाए तो वह समाज के लिए प्रेरणा बन सकती है। अब देखना यह है कि यह पहल कितने और गांवों में हरियाली की नई उम्मीद लेकर पहुंचती है।







