चंदौली जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल राजदरी जलप्रपात पर रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। प्रयागराज से घूमने आए दो युवक चंद्रप्रभा नदी में स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद वन विभाग के कर्मचारियों, स्थानीय लोगों और पर्यटकों की तत्परता से दोनों युवकों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, प्रयागराज निवासी दोनों युवक रविवार को राजदरी जलप्रपात घूमने पहुंचे थे। जलप्रपात का आनंद लेने के बाद वे नीचे बह रही चंद्रप्रभा नदी में स्नान करने लगे। इसी दौरान अनजाने में दोनों नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए और पानी के तेज बहाव व गहराई के कारण डूबने लगे। दोनों युवकों को पानी में संघर्ष करते देख आसपास मौजूद पर्यटकों ने शोर मचाया और तत्काल मदद के लिए दौड़ पड़े।
सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों और पर्यटकों के सहयोग से कड़ी मशक्कत कर दोनों युवकों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला। समय पर राहत एवं बचाव कार्य होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों युवकों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई। घटना के बाद कुछ देर के लिए जलप्रपात क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि दोनों युवक पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं।
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि राजदरी जलप्रपात पर स्नान के दौरान प्रयागराज के दो युवक नदी के गहरे पानी में चले गए थे, जिससे वे डूबने लगे। वन विभाग की टीम और स्थानीय लोगों की सतर्कता से दोनों को सुरक्षित बचा लिया गया। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा प्रतिबंधित या गहरे जल क्षेत्र में स्नान करने से बचें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।






