शादी समारोह में तेंदुए की दस्तक से मचा हड़कंप

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

न्यूज़ डेस्क

लखनऊ। बुद्धेश्वर स्थित एमएम लॉन में चल रही शादी समारोह के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक एक तेंदुआ लॉन में घुस आया। तेंदुए को देखते ही मेहमानों में भगदड़ मच गई, लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में जुट गए।

वन दरोगा पर तेंदुए ने किया हमला

लॉन के अंदर घुसे तेंदुए की तलाश में वन विभाग की टीम सक्रिय हुई। इस दौरान वन दरोगा मुकद्दर अली तेंदुए की लोकेशन का पता लगाने के लिए लॉन में बने कमरों की छत पर पहुंचे, जहां घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। तेंदुए के पंजे लगने से वन दरोगा घायल हो गए, लेकिन किसी तरह अपनी जान बचाकर नीचे उतरने में सफल रहे। घायल वन दरोगा को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

ड्रोन पर भी किया हमला, गिराया नीचे

वन विभाग की टीम ने ड्रोन के जरिए तेंदुए को ट्रैक करने की कोशिश की, लेकिन यह योजना भी मुश्किल में पड़ गई जब तेंदुए ने ड्रोन पर हमला कर दिया। पंजा मारकर तेंदुए ने ड्रोन को नीचे गिरा दिया, जिससे टीम को वैकल्पिक रणनीति अपनानी पड़ी।

कई घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा गया तेंदुआ

पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर तेंदुए को काबू करने की योजना बनाई। सिरींज प्रोजेक्टर गन और जाल की मदद से आखिरकार तेंदुए को पकड़ लिया गया। तेंदुए को सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़े जाने की तैयारी की जा रही है। इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है, लेकिन वन विभाग ने स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण होने का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?