KGMU लखनऊ के वरिष्ठ चिकित्सकों ने की जांच, टीबी उन्मूलन पर दिया जागरूकता संदेश
सोनभद्र/दुद्धी। स्वास्थ्य विभाग जिला सोनभद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी और धन्वंतरि सेवा न्यास लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को ग्रामसभा धूमा के पंचायत भवन पर एक बृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में देश-विदेश में प्रसिद्ध किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय लखनऊ के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष एवं प्रख्यात चेस्ट विशेषज्ञ प्रोफेसर सूर्यकांत और डॉ. अंकित कुमार, एसोसिएट प्रोफेसर ने अपनी विशेष सेवाएं दीं।
इसके साथ ही स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय सोनभद्र के डॉ. नागेंद्र कुमार चेस्ट विशेषज्ञ, डॉ. रामचंद्र असिस्टेंट प्रोफेसर नेत्र रोग, जिला क्षय रोग केंद्र के डॉ. जगदीश पटेल, जिला PPM सतीश सोनकर, CHC दुद्धी के अधीक्षक डॉ. शाह आलम, डॉ. गौरव सिंह, डॉ. दिलीप कुमार आदि चिकित्सकों ने भी मरीजों का परीक्षण कर निःशुल्क दवा वितरित की।
शिविर की प्रमुख उपलब्धियां- लगभग 400 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया – 40 मरीजों का बलगम जांच के लिए सैंपल लिया गया – 75 मरीजों का एक्सरे किया गया – श्वास संबंधी रोगों की निःशुल्क जांच की गई
प्रोफेसर सूर्यकांत ने शिविर में आए लोगों को टीबी उन्मूलन, भारत सरकार के कार्यक्रमों और बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्वच्छता, बचाव एवं जागरूकता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
वरिष्ठ समाजसेवी श्रवण गौड़ ने कहा कि लोगों की सेवा के लिए इस तरह के स्वास्थ्य शिविर भविष्य में भी लगातार लगाए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान धूमा रामप्रसाद यादव, हरिहर यादव, प्रधान दिनेश यादव सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






