अवैध संबंधों के शक में जंगल ले जाकर गला काटा, ब्लेड-पत्थर बरामद, आरोपी गिरफ्तार
म्योरपुर (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के कुण्डाडीह निवासी राजदेव सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में मृतक का पुत्र ही पिता का हत्यारा निकला। पुलिस ने आरोपी रवि कुमार को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त सर्जिकल ब्लेड, खून से सना पत्थर, मोटरसाइकिल की चाबी तथा जले हुए खून लगे कपड़ों की राख बरामद की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत म्योरपुर पुलिस ने मामले की गहन जांच की। 29 मई को कुण्डाडीह निवासी राजदेव सिंह का शव कटौंधी जंगल क्षेत्र में मिला था। घटना के संबंध में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस को मृतक के पुत्र रवि कुमार की भूमिका संदिग्ध लगी। सख्ती से पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसके पिता के एक महिला से कथित अवैध संबंधों को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी बात से वह मानसिक रूप से आक्रोशित था। 29 मई को वह पिता को जमीन दिखाने के बहाने जंगल में ले गया। वहां सुनसान स्थान पर पहले गमछे से दबाव बनाकर उन्हें गिराया, फिर पत्थर से सिर पर वार किया और सर्जिकल ब्लेड से गला काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। पुलिस को गुमराह करने के लिए स्वयं अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद कर लिया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में साक्ष्य नष्ट करने की धारा भी बढ़ाई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष रविकांत मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, हे.का. प्रदीप कुमार राय, प्रमोद कुमार, का. रामजीत व रि.का. राजप्रबल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





