सीएस पाण्डेय
सरकार की पहल राहवीर व कैशलेस योजना के प्रति पुलिस ने किया जागरूक
घायलो की मदद करने वाले राहवीर को सरकार देगी 25 हजार रुपये
घायल का दुर्घटना की तारीख से सात दिनों तक डेढ़ लाख रुपये का इलाज होगा मुफ्त
बभनी(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। स्थानीय थाना पुलिस ने राहवीर और कैशलेश योजना के बारे क्षेत्रीय लोगों को जागरूक किया गया। इस थाना प्रभारी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थानीय पुलिस प्रशासन के माध्यम से जागरूकता अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है।
प्रभारी निरीक्षक दीन्नू प्रसाद यादव ने ग्रामीणों और राहगीरों को सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक ने थाने के सामने लगे सूचना बोर्डों के माध्यम से बताया कि राहवीर योजना के तहत यदि कोई व्यक्ति किसी सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर दुर्घटना के पहले एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाता है तो उसे राहवीर कहा जाएगा। घायल की मदद करने वाले व्यक्ति को सरकार की ओर से ₹25,000 तक पुरस्कृत किया जाएगा।
उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि राहवीर को पुलिस या कोर्ट के चक्कर नहीं काटने होंगे, उनसे पूछताछ के नाम पर उत्पीड़न नहीं किया जाएगा, मददगार व्यक्ति अपनी पहचान साझा करने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र है। इसके साथ ही उप निरीक्षक मक्खन लाल ने ग्रामीणों को कैशलेस योजना के बारे में भी विस्तार से समझाया।
सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति का इलाज दुर्घटना की तारीख से अधिकतम 7 दिन तक ₹1.5 लाख तक मुफ्त किया जाएगा। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए पीड़ित को दुर्घटना के 24 घंटे के भीतर पैनल अस्पताल में भर्ती होना अनिवार्य है। यह उपचार केवल आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों में ही प्राप्त होगा। प्रभारी निरीक्षक ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे किसी भी दुर्घटना की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल घायल की मदद करें और स्थानीय थाने से संपर्क करें।
पुलिस का यह प्रयास न केवल लोगों को जागरूक कर रहा है, बल्कि आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास को भी मजबूत कर रहा है। सड़क किनारे लगाए गए ये सूचना बोर्ड अब राहगीरों के लिए मार्गदर्शक का काम कर रहे हैं, जिससे भविष्य में दुर्घटना के समय त्वरित सहायता मिलने की उम्मीद जगी है।
इस दौरान उप निरीक्षक मक्खन लाल,कांस्टेबल सुधीर यादव, पूर्व प्रधान राजाराम आदि लोग मौजूद रहे।






