कलश यात्रा से गूंजा वैनी, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री सतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

गौरव पाण्डेय

वैनी (सोनभद्र) । आस्था, परंपरा और सनातन संस्कृति की अनुपम छटा के बीच नगवां विकासखंड के ग्राम पंचायत वैनी में वार्षिक श्री सतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और गाजे–बाजे के बीच निकली इस कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।

मंगलवार को खलियारी स्थित हनुमान सरोवर से सैकड़ों की संख्या में महिलाओं और बालिकाओं ने पवित्र जल से भरे कलश धारण किए। आचार्यों के मंत्रोच्चारण के साथ लगभग आठ किलोमीटर की पदयात्रा कर श्रद्धालु वैनी स्थित सतचंडी महायज्ञ स्थल तक पहुंचे। इस कलश यात्रा के साथ ही बुधवार से प्रारंभ होने वाले यज्ञ अनुष्ठान का विधिवत शंखनाद किया गया।

यज्ञ आयोजन समिति के नेतृत्व और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के संरक्षण में संपन्न हो रहे इस धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार करना है। आयोजन स्थल पर भक्तों की भारी उपस्थिति देखी गई, जहां श्रद्धालुओं ने माता चंडी के जयघोष के साथ वातावरण को भक्तिरस से ओतप्रोत कर दिया।

आयोजकों पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश सिंह पटेल के अनुसार, सतचंडी महायज्ञ के दौरान वैदिक हवन, पूजन, प्रवचन और धार्मिक अनुष्ठानों का क्रमबद्ध आयोजन किया जाएगा। यज्ञ के माध्यम से सामाजिक समरसता, लोककल्याण और आध्यात्मिक जागरण का संदेश दिया जाएगा।

धार्मिक उत्साह और परंपरागत मर्यादाओं के साथ आयोजित यह महायज्ञ वैनी क्षेत्र की आस्था का केंद्र बन गया है, जहां दूर–दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?