हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सूरज कुमार चतुर्वेदी ने दर्जनों मरीजों का किया परीक्षण
डॉ. सूरज ने कहा – अब बड़े शहर जाने की जरूरत कम होगी
सोनभद्र। पंचशील मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, रॉबर्ट्सगंज में बुधवार को निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सूरज कुमार चतुर्वेदी (MBBS, MD, DM – Cardiology) ने मरीजों का परीक्षण किया।
शिविर में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे और निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। इस दौरान मरीजों की ECG एवं आवश्यक संबंधित जांचें भी की गईं। हृदय रोग से संबंधित मरीजों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श, उपचार एवं आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। जिन मरीजों की स्थिति गंभीर पाई गई, उन्हें आगे की जांच एवं उपचार के लिए विशेष परामर्श दिया गया।
इस अवसर पर डॉ. सूरज कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि जनपद सोनभद्र के लोगों को बेहतर एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वे निरंतर अपनी सेवाएं देते रहेंगे। अब सोनभद्र एवं आसपास के क्षेत्र के मरीजों को हृदय रोग से संबंधित विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी।
उन्होंने बताया कि पंचशील मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में अब मरीजों को सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे जनपद के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्टाफ द्वारा डॉ. सूरज कुमार चतुर्वेदी का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. अनुपमा मौर्य, डॉ. अंजनी कुमार सिंह, डॉ. दीप, डॉ. राहुल, सामिया, गुड़िया मौर्य और विनोद कुमार सहित अस्पताल के अन्य चिकित्सक, स्टाफ एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






