रौदी में बाघिन की दस्तक से दहशत, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

मनीष चौधरी

कॉलर आईडी से ट्रैक हो रहा मूवमेंट, ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील

सिंगरौली (मध्यप्रदेश) । संजय टाइगर रिजर्व से निकली बाघिन इन दिनों माड़ा के जंगलों में घूम रही है और अब उसका नया ठिकाना रौदी के घने जंगल बने हैं। वन विभाग की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है और कॉलर आईडी के जरिए हर मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। ताजा जानकारी के मुताबिक, बाघिन रौदी क्षेत्र में विचरण कर रही है, जिससे ग्रामीणों में भय और वन विभाग की सक्रियता बढ़ गई है।

बाघिन की दहाड़ से सहमे गांववाले, सुरक्षा के निर्देश जारी

बाघिन की दहाड़ सुनकर डोंगरी और लंघाडोल समेत आसपास के गांवों के लोग दहशत में आ गए। वन विभाग ने तुरंत इलाके में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया और जंगल की ओर न जाने की सख्त हिदायत दी। वन परिक्षेत्राधिकारी हर्षित मिश्रा ने बताया कि अब तक बाघिन आक्रामक नहीं हुई है, जो कि राहत की बात है। लेकिन एहतियात के तौर पर वन विभाग की विशेष टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं।

घर की राह कब पकड़ेगी बाघिन? वन विभाग की कड़ी नजर

बाघिन का मूवमेंट पिछले कुछ दिनों से अनिश्चित बना हुआ है। बुधवार रात उसका लोकेशन संजय टाइगर रिजर्व के भूईमाड़ रेंज में था, लेकिन फिर वह सिंगरौली जिले में दाखिल हो गई। अब रौदी के जंगलों में उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई है। वन विभाग को उम्मीद है कि जल्द ही वह अपने प्राकृतिक आवास की ओर लौट जाएगी, लेकिन जब तक यह तय नहीं होता, तब तक इलाके में अलर्ट जारी रहेगा।

ग्रामीणों से अपील – संयम बरतें, जंगल की ओर न जाएं

वन विभाग ने आसपास के गांवों में सख्त निर्देश जारी किए हैं कि कोई भी ग्रामीण जंगल की ओर न जाए और यदि बाघिन नजर आए तो फौरन वन विभाग को सूचना दें। वन विभाग की विशेष टीमें पूरी मुस्तैदी से निगरानी कर रही हैं, ताकि बाघिन और स्थानीय निवासियों, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि बाघिन कब वापस अपने ठिकाने की ओर लौटेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?