नौगढ़ के भरदुआ गांव में वन भूमि विवाद में सपा सांसद की एंट्री, ग्रामीणों से मिले छोटेलाल खरवार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के भरदुआ गांव में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के दौरान पुलिस, राजस्व और वन विभाग की टीम तथा ग्रामीणों के बीच हुए विवाद ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। ग्रामीणों ने पुलिस पर बर्बरता और मारपीट का आरोप लगाया है, वहीं कार्रवाई के दौरान कई वनकर्मियों के घायल होने की बात भी सामने आई है।

गुरुवार को रॉबर्ट्सगंज से सपा सांसद छोटेलाल खरवार ग्रामीणों से मिलने नौगढ़ पहुंचे। सांसद सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचे, जहां मेडिकल के लिए लाए गए ग्रामीणों से मुलाकात का प्रयास किया। इसके बाद उन्होंने नौगढ़ थाने पहुंचकर अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

सांसद ने कहा कि ग्रामीणों का आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई तथा फसल और घरों को नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति जानने के लिए वह पीड़ित ग्रामीणों से मिलकर जानकारी लेंगे और अधिकारियों से भी वार्ता करेंगे।

भूमि के स्वामित्व को लेकर सांसद ने कहा कि पहले राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम से जमीन की पैमाइश कराई जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि अधिकारियों से बातचीत के दौरान किसी काश्तकार के नाम जमीन होने की जानकारी नहीं मिली है। उनके अनुसार जमीन वन विभाग की हो सकती है, जिस पर गरीब, दलित और आदिवासी लंबे समय से काबिज हैं।

सांसद ने प्रशासन से वनाधिकार कानून के तहत पात्र ग्रामीणों को भूमि का पट्टा देने की मांग की। साथ ही ग्रामीणों के खिलाफ कार्रवाई और गांव में पुलिस फोर्स की मौजूदगी पर भी सवाल उठाते हुए गांव से फोर्स हटाने तथा ग्रामीणों को अपने घर लौटने का माहौल देने की बात कही।

उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि वह चंदौली में एसपी और डीएम के अलावा डीआईजी से भी मुलाकात कर मामले को प्रमुखता से उठाएंगे। ग्रामीणों के खिलाफ दर्ज मुकदमों के संबंध में सांसद ने बताया कि उन्हें करीब 18-19 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी मिली है, जिनमें 14 लोगों पर मुकदमा दर्ज होने की बात बताई गई है। हालांकि उन्होंने कहा कि पीड़ितों से मुलाकात और पूरी जानकारी मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

सपा सांसद के दौरे के बाद भरदुआ वन भूमि विवाद को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई के साथ राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1545
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?