खेत की मेढ़ के विवाद में बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला, हालत गंभीर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O- जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी से हमला, पुलिस जांच में जुटी

बभनी (सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत की मेढ़ और थोड़ी सी जमीन को लेकर हुए विवाद में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में उपचार चल रहा है।

घटना रंदह गांव की है, जहां रविवार रात खेत की मेढ़ को लेकर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि रामजनम, रामशकल (पुत्रगण हरि), हरि (पुत्र रुपचंद), फूलमतिया (पत्नी हरि), शांति (पत्नी रामशकल) तथा संगीता (पत्नी रामजनम) ने मिलकर लक्ष्मन (70 वर्ष), पुत्र रुपचंद पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

हमले में लक्ष्मन के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया, जबकि शरीर पर लाठी-डंडों से कई प्रहार किए गए। गंभीर रूप से घायल होकर वह मौके पर ही गिर पड़े और लहूलुहान हो गए।

सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार पाठक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है तथा घायल की तहरीर और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में जमीनी विवादों के हिंसक रूप को उजागर करती है। पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1541
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?