पेट्रोल भराने को लेकर विवाद, लाठी-डंडों से हमला, पुलिस ने छह पर दर्ज किया बलवा का मुकदमा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O- पेट्रोल पंप पर आधी रात को किया दबंगों ने बवाल

बभनी /सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक पेट्रोल पंप पर मामूली विवाद ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। पेट्रोल भराने को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में लाठी-डंडों से लैस लोगों के हमले में बदल गई। घटना में पेट्रोल पंप संचालक का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपियों ने मोबाइल फोन तोड़ने और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

जानकारी के अनुसार बभनी थाना क्षेत्र के लिलासी गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर रात करीब 11 बजे बिजली गुल होने के कारण पेट्रोल आपूर्ति बाधित थी। इसी दौरान एक युवक पेट्रोल भरवाने पहुंचा। बिजली आने के बाद पेट्रोल दिए जाने पर उसका कर्मचारियों से विवाद हो गया। मामला शांत होने के बाद युवक वहां से चला गया, लेकिन कुछ समय बाद अपने साथियों के साथ दोबारा पेट्रोल पंप पहुंचा।

पीड़ित पक्ष के आरोप के मुताबिक हमलावरों ने एक राय होकर पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से की गई मारपीट में एक युवक के हाथ में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया और जाते-जाते धमकी दी कि यदि मामले की शिकायत पुलिस से की गई तो जान से हाथ धोना पड़ेगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेट्रोल पंप परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा घटना में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन को भी सीज कर दिया।

पुलिस ने मामले में बलवा, मारपीट, धमकी और संपत्ति नुकसान से संबंधित विभिन्न धाराओं में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

यह घटना एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती दबंगई और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटनाओं पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस नहीं पहुंचती तो घटना और भी गंभीर रूप ले सकती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?