4700 से अधिक महिलाएं जुड़ीं आत्मनिर्भरता की मुहिम से, मंत्री संजीव गोंड ने CM को भेंट किए स्थानीय उत्पाद
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास, 5 कालिदास मार्ग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें जनपद सोनभद्र की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार ‘सोनअर्थ’ ब्रांड के विभिन्न उत्पाद भेंट किए। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को ‘सोनअर्थ’ के माध्यम से महिलाओं के हुनर, स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री को भेंट किए गए पैकेट में चार प्रकार के ठेकुआ – ज्वार, रागी, कोदो एवं गेहूं से निर्मित ठेकुआ, जंगल के फूलों से एकत्रित जंगली शहद, कृषि उपज से तैयार हर्बल शहद, मंदिरों में चढ़ाए गए फूलों से निर्मित ‘शिव द्वार’ अगरबत्ती तथा चार प्रकार के हर्बल साबुन – बकरी के दूध, हर्बल, कॉफी और हल्दी-चंदन शामिल हैं। ये उत्पाद जनपद की प्राकृतिक संपदा, परंपरा और महिलाओं के कौशल का प्रतिनिधित्व करते हैं।
जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) के सहयोग से ‘सोनअर्थ’ ब्रांड के विकास, लोगो निर्माण, आकर्षक पैकेजिंग, प्रचार-प्रसार सामग्री तथा उत्पादों की गुणवत्ता जांच की व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसका उद्देश्य महिलाओं के पारंपरिक हुनर को ब्रांड के रूप में पहचान दिलाना, बेहतर बाजार उपलब्ध कराना तथा आय और रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
‘सोनअर्थ’ से जुड़ी गतिविधियों में 4,700 से अधिक महिलाओं की भागीदारी है। इनमें 1,000 से अधिक महिलाएं साबुन निर्माण, 200 से अधिक अगरबत्ती निर्माण, 2,000 से अधिक श्रीअन्न की खेती, 500 से अधिक ठेकुआ निर्माण तथा 1,000 से अधिक महिलाएं शहद उत्पादन एवं संग्रहण से जुड़ी हैं। इससे महिलाओं को आजीविका के साथ स्थानीय किसानों एवं जनजातीय समुदाय को भी लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर मंत्री संजीव गोंड ने कहा कि ‘सोनअर्थ’ केवल एक ब्रांड नहीं, बल्कि सोनभद्र की मातृशक्ति के हुनर, परिश्रम, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिलेगा और सोनभद्र के स्थानीय उत्पादों को प्रदेश और देश स्तर पर नई पहचान मिलेगी।









