चंदौली जिले के नौगढ़ ब्लॉक परिसर में बुधवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के लिए विशेष वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान 35 दिव्यांग लाभार्थियों को ट्रॉली साइकिल प्रदान की जाएगी।
एडीओ समाज कल्याण सिद्धार्थ ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के तहत केवल ट्रॉली साइकिल ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद दिव्यांगों को कान की मशीन, हाथ छड़ी और बैटरी चालित साइकिल सहित अन्य सहायक उपकरण भी वितरित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके दैनिक जीवन को आसान करना है।
उन्होंने बताया कि जिन दिव्यांगों के पास वैध प्रमाण पत्र हैं, वे निर्धारित तिथि से पहले ब्लॉक परिसर पहुंचकर अपना रजिस्ट्रेशन कराएं। रजिस्ट्रेशन के उपरांत पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
समाज कल्याण विभाग ने अपील की है कि क्षेत्र के सभी पात्र दिव्यांगजन अगले दो दिनों के भीतर अपना पंजीकरण अवश्य कर लें, ताकि उन्हें इस योजना का लाभ मिल सके।






