सपा ने आरक्षण पंचायत सीटों पर अन्याय का लगया आरोप
सोनभद्र । समाजवादी पार्टी जनपद सोनभद्र के बैनर तले सोमवार को समाजवादी अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री व्यास जी गौड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जनपद की मूलभूत आदिवासी एवं जन समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान 9 सूत्री ज्ञापन राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी सोनभद्र को सौंपा गया।
व्यास जी गौड़ ने कहा कि जनपद सोनभद्र की विधानसभा 401 रॉबर्ट्सगंज के विकासखंड नगवां एवं कोन ब्लॉक के तरिया क्षेत्र में भारी पैमाने पर आदानी एवं अन्य कंपनियों द्वारा आदिवासियों की जमीन व जंगल पर कब्जा कर अत्याचार किया जा रहा है। इस पर रोक लगाई जाए और आदिवासियों को घर एवं जमीन से बेदखल न किया जाए।
उन्होंने मांग की कि बालू एवं पत्थर खदान में दुर्घटना में मृत श्रमिकों की सीबीआई जांच कराई जाए एवं श्रमिकों का ठेकेदार द्वारा 1 करोड़ रुपए का जीवन बीमा कराया जाए।
व्यास जी गौड़ ने कहा कि जनपद सोनभद्र में आदिवासी आबादी अधिक है। 2011 की जनगणना के अनुसार प्रदेश की जनजाति आबादी का 20% से अधिक अकेले सोनभद्र में है। इस हिसाब से कम से कम 131 ग्राम प्रधान की सीटें जनजाति के लिए बनती हैं, जबकि 2021 के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मात्र 28 सीटें ही आरक्षित की गई थीं। इसी तरह जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत की नौकरियों में भी जनजातियों के साथ आरक्षण में अन्याय हो रहा है। विधिक रूप से आरक्षण दिया जाए।

अन्य प्रमुख मांगें धारा 20 वन भूमि पर बाप-दादा से बसे मूल निवासी एवं आदिवासियों को वन विभाग द्वारा बेदखल एवं उत्पीड़न पर रोक लगाई जाए। ,अमवार कनहर परियोजना से विस्थापित लोगों को बसाने की व्यवस्था की जाए। , किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में यूरिया, डीएपी खाद की व्यवस्था हो और निजी दुकानदारों द्वारा मनमाने दाम पर खाद बिक्री पर रोक लगे। , हर घर जल योजना के तहत खोदी गई सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। , सपा सरकार के समय कराए गए कार्यों के शिलापट हटाकर नए कार्य दिखाने पर रोक लगे और जनहित के अधूरे कार्य पूरे कराए जाएं। ,आदिवासी बाहुल्य जनपद होने के कारण विद्यालयों की संख्या बढ़ाई जाए। भाजपा सरकार द्वारा कम बच्चे बताकर विद्यालय बंद करने पर रोक लगे।
व्यास जी गौड़ ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो समाजवादी पार्टी जन आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन देने के दौरान जिला अध्यक्ष राम निहोर यादव, पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, राजेंद्र सिंह पटेल, रमेश चंद्र दुबे, रविंद्र बहादुर सिंह पटेल, आजाद राय, मोहम्मद शईद कुरैशी, प्रधान अनिल यादव,अशोक कुमार,रवि कुमार गौड़ सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






