खेत में टहलते समय फिसलकर नाले में गिरे अधेड़ की मौत, गांव में मातम

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

वैनी (सोनभद्र)। रायपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रईया में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में अधेड़ की मौत हो गई। मृतक की पहचान सतीश पुत्र स्व. छठू (उम्र लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सतीश सुबह के समय बूढ़ी बाढ़ के पास स्थित अपने खेत की ओर टहलने निकले थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वे पास के नाले में गिर पड़े। काफी देर तक जब वे दिखाई नहीं दिए तो आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों की नजर नाले में पड़ी, जिसके बाद शोर मचाया गया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर सतीश को नाले से बाहर निकाला।

घटना की सूचना पर ग्राम प्रधान विजय कुमार पटेल ने तत्काल एम्बुलेंस बुलवाई और सतीश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगवां, वैनी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल लोढ़ी भेज दिया।

मृतक सतीश अपने पीछे दो मासूम पुत्र, जिनकी उम्र क्रमशः तीन वर्ष और डेढ़ वर्ष है, को छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। बुजुर्ग मां, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?