नौगढ़ के जंगल में मिला युवक का शव, भालू के हमले की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र में जंगल के भीतर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया मामला जंगली भालू के हमले से मौत का माना जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार, शमशेरपुर गांव निवासी 26 वर्षीय राजू एक दिन पहले बुधवार को जंगल से जलौनी लकड़ी लाने के लिए घर से निकला था। परिजनों के मुताबिक वह एक दिन पहले दोपहर लगभग 3 बजे जंगल गया था, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। काफी देर तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन रात भर उसका कोई पता नहीं चल सका।

गुरुवार सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने गहिला बाबा जंगल स्थित खड़ीगढ़ के पास एक शव पड़ा देखा। शव की पहचान राजू के रूप में हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नामेंद्र कुमार रावत अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर गहरे जख्म और काटने के निशान पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि शरीर पर मिले घावों से जंगली भालू के हमले की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद युवक की जंगल में ही मौत हो गई।

पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से जंगल क्षेत्र में जंगली जानवरों की बढ़ती गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।

मृतक राजू अपने पीछे पत्नी तेतरी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। बड़ा बेटा दिनेश मात्र 3 वर्ष का है, जबकि बेटी रजनी की उम्र केवल 1 वर्ष है। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी तेतरी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक घटना से दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।

क्षेत्राधिकारी नामेंद्र कुमार रावत ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के शरीर पर गहरे घाव मिले हैं, जिससे भालू के हमले की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Comment

1497
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?