अमित मिश्रा
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद में घोरावल कोतवाली क्षेत्र के खुटहा गांव मे किसान के खेत में की गई पत्थर गड्डी को उखाड़ कर फेंक देने और मेड़ और धान की फसल को नष्ट करने के मामले में पीड़ित की शिकायत पर सात आरोपितों के विरुद्ध पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राम लखन पुत्र छविनाथ निवासी ग्राम खुटहां ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि खुटहा मे मुकदमा के खेत मे उसकी जमीन पर कुछ लोगों ने मिलकर अतिक्रमण कर लिया है। उसने बताया कि जमीन का फाट कराकर न्यायालय उपजिलाधिकारी घोरावल के आदेश पर आरजी की पैमाइश कराकर पत्थर गडडी कराया गया। उस खेत मे उसने धान की रोपाई किया था।
पीड़ित राम लखन के मुताबिक खुटहा गांव के बाबूलाल, बुल्लू, रमेश व नरेश पुत्रगण रामदुलारे व कुन्नू पुत्र मुराहू , संतोष व शम्भू पुत्रगण कुन्नू ने पत्थर गड्डी के एक सप्ताह बाद राजस्व निरीक्षक द्वारा चिन्हित कर कराई गई उस पत्थर गड्डी के पत्थर को उखाड़ कर फेक दिया गया और मेड़ा भी तोड़ दिया। आरोपितों ने रोपे गए धान की फसल को भी पलट दिया तथा उक्त आराजी पर जबरन अतिक्रमण भी कर लिए। जिस पर उसने तहसील दिवस पर पत्र दिया था।
पीड़ित ने बताया कि नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, हल्का लेखपाल की टीम मौके पर जाकर जांच पड़ताल किया। न्यायालय के आदेश पर हुए पत्थर गड्डी के पत्थर को उखाड़ फेकने वाले आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही किए जाने व उस आराजी में पुनः पत्थरगड्डी कर पीड़ित को कब्जा दिलाने की गुहार लगाई है।
इस मामले मे इंस्पेक्टर शिव प्रताप वर्मा ने बताया कि मिली शिकायत पर सात आरोपितों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है, मामले की जांच की जा रही है।







