दर्दनाक हादसा : धनरौल बांध में मछली पकड़ने गए दो युवक डूबे, गांव में पसरा मातम

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अखिलेश सिंह

सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)। जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में दो ग्रामीणों की बांध में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह हादसा धंधरौल बांध में हुआ, जहां दोनों ग्रामीण मछली पकड़ने गए थे।

जानकारी के अनुसार पन्नूगंज थाना क्षेत्र के मडईडीह गांव निवासी रामराज बिंद और दशमी बिंद गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे गांव के सामने स्थित धनरौल बांध में रोज की तरह मछली पकड़ने पहुंचे थे। दोनों ने बांध में जाल डालकर मछली पकड़ना शुरू किया, लेकिन इसी दौरान वे अनजाने में गहरे पानी की ओर बढ़ गए।

गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण दोनों का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते वे पानी में डूबने लगे। घटना को देखकर आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों गहरे पानी में समा चुके थे।

ग्रामीणों की सूचना पर उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत व खोजबीन अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद पहले रामराज बिंद का शव बाहर निकाला गया, जबकि करीब दो घंटे की तलाश के बाद दशमी बिंद का शव भी बांध से बरामद कर लिया गया।

दोनों शव बाहर निकलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मडईडीह गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीण पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?