ग्रामीणों को मिलेगी स्वच्छ पेयजल की सुविधा
म्योरपुर, सोनभद्र । विकास खंड म्योरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत किरबिल के दक्षिण टोला में आदिवासी परिवारों को वर्षों से कच्चे कुएं का मटमैला पानी पीने की मजबूरी को लेकर प्रशासन ने संज्ञान लिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीओ पंचायत अजय कुमार सिंह ने ग्राम प्रधान को मौके पर भेजकर जांच कराई। जांच में ग्रामीणों की शिकायत सही पाई गई। एडीओ पंचायत अजय कुमार सिंह ने बताया कि दक्षिण टोला के लोगों को पेयजल की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में ग्रामीण कच्चे कुएं का गंदा पानी पीने को विवश हैं। ग्रामीणों को राहत देने के लिए एक सप्ताह के भीतर बोरिंग कराकर पेयजल की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि लोगों को स्वच्छ पानी के लिए भटकना न पड़े। गौरतलब है कि ग्रामीणों ने लगभग 20 वर्षों से स्वच्छ पेयजल की समस्या होने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से स्थायी समाधान की मांग की थी। प्रशासन की ओर से शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन मिलने से ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है।






