वीरेंद्र कुमार
O- दुर्घटना मे दो की मौत, आठ श्रद्धालु घायल
O- अमरपाटन के पास हुआ दर्दनाक हादसा, विंढमगंज क्षेत्र में छाया मातम
विंढमगंज (सोनभद्र)। मध्यप्रदेश के मैहर स्थित मां शारदा देवी के दर्शन से लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो रविवार दोपहर अमरपाटन के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार बोलेरो मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और आठ श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों में भोलाराम (60 वर्ष) पुत्र बद्रीराम निवासी जोरूखाड, थाना विंढमगंज, जिला सोनभद्र तथा रामबली केवट (60 वर्ष) निवासी जिन्नाताला थाना क्षेत्र शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अमरपाटन सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ से गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल सतना रेफर किया गया।
घायलों में रामलखन केवट, रामलाला केवट (30 वर्ष), अशोक कुमार, निर्मला देवी, पूनम देवी सहित आठ लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
हादसे की खबर जैसे ही विंढमगंज क्षेत्र में पहुँची, गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक भोलाराम के घर पर कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि भोलाराम अपने पीछे दो बेटियाँ और एक बेटा छोड़ गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान विमल यादव, पूर्व प्रधान मुन्नालाल गौतम, राजेश रावत, अमरेश भारती, सुभाष भारती, दीपक कुमार, सरजू प्रसाद, सुनील कुमार, ओम रावत, अनिल भारती, नंदलाल भारती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुँचे और गहरी संवेदना व्यक्त की।







