दोस्ती का खूनी अंत, युवक की हत्या से गांव में सनसनी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- दोस्त ही बना मौत का कारण?

O- घर से बुलाकर ले गया युवक, सुबह सड़क किनारे मिला शव, सोनभद्र में सनसनी

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में दोस्ती को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जुगैल थाना क्षेत्र के कुडारी गांव में 26 वर्षीय आदिवासी युवक बल्लू की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि युवक को उसका ही दोस्त रात में घर से बुलाकर ले गया था और कुछ घंटों बाद उसका शव सड़क किनारे पड़ा मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

बताया जा रहा है कि बल्लू रोज की तरह मजदूरी कर शाम को अपने घर लौटा था। परिवार के साथ खाना खाने के बाद वह घर पर ही मौजूद था। इसी दौरान रात करीब 8 बजे उसका एक दोस्त उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों के अनुसार, इसके बाद बल्लू वापस नहीं लौटा। देर रात गांव के पास सड़क किनारे उसका शव मिलने की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और जुगैल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। परिजनों का आरोप है कि बल्लू की हत्या धारदार हथियार से की गई और वारदात के बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे।

मृतक के चाचा रोहित ने आरोप लगाया कि बल्लू की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने कहा कि जिस दोस्त के साथ वह गया था, उसी पर हत्या का शक है। परिवार ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद गांव में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बल्लू बेहद शांत स्वभाव का युवक था और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। ऐसे में उसकी हत्या ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।

फिलहाल इस हत्याकांड के पीछे की असली वजह रहस्य बनी हुई है, लेकिन जिस तरह दोस्त पर हत्या का आरोप लगा है, उसने गांव में रिश्तों और भरोसे पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?