बोलोरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, महिला घायल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- म्योरपुर में सड़क हादसे से मचा कोहराम

म्योरपुर (सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बोलेरो वाहन में सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा म्योरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ब्लॉक मुख्यालय के समीप मुर्धवा–बीजपुर मार्ग पर रविवार शाम को हुआ।

आश्रम मोड़ के पास हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, म्योरपुर से अवरहवा कुंडाडीह जा रहे अजय (19 वर्ष) पुत्र देवराज की बाइक, आश्रम मोड़ के पास सामने से आ रही बोलेरो से टकरा गई। बोलेरो वाहन में सीएचसी म्योरपुर की स्टाफ नर्सें सवार थीं, जो मिर्जापुर में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए अन्य स्टाफ को लेने जा रही थीं।

हेलमेट न पहनना पड़ा भारी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो चालक ने बाइक सवार को बचाने का प्रयास किया, लेकिन अचानक बाइक के लहराने से टक्कर हो गई। हेलमेट न पहनने के कारण युवक के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी हालत नाजुक हो गई।

अस्पताल पहुंचते ही घोषित किया गया मृत

हादसे के बाद बोलेरो चालक घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में बोलेरो में सवार प्रियंका (25 वर्ष) पत्नी प्रमोद, निवासी गोविंदपुर, घायल हो गई, जिनका उपचार जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की जानकारी देते हुए नायब दरोगा अनंत राय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर हेलमेट की अनिवार्यता और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1544
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?