राशन वितरण व्यवस्था में बड़ा बदलाव: मई 2026 के लिए गेहूं-चावल का नया स्केल जारी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

सोनभद्र (उत्तरप्रदेश )। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत राशन वितरण व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मई 2026 के लिए अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को मिलने वाले गेहूं और चावल के वितरण स्केल में संशोधन किया गया है।

अपर आयुक्त ध्रुव गुप्ता के निर्देशों के अनुपालन में जारी आदेश के अनुसार अब अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 10 किलो गेहूं एवं 35 किलो चावल उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं पात्र गृहस्थी योजना के लाभार्थियों को प्रति यूनिट 1 किलो गेहूं और 4 किलो चावल निःशुल्क वितरित किया जाएगा।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी उचित दर विक्रेताओं को मई 2026 के लिए आवंटित खाद्यान्न का निःशुल्क वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वितरण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने कार्डधारकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी उचित दर की दुकान से निर्धारित मात्रा में राशन अवश्य प्राप्त करें। यदि वितरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी होती है तो शिकायत जिला पूर्ति कार्यालय, संबंधित उपजिलाधिकारी कार्यालय या विभागीय टोल फ्री नंबर 1800-1800-150 पर दर्ज कराई जा सकती है।

इस फैसले से जिले के हजारों गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Comment

1459
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?