एसपी से लगाई गुहार, कहा- पैसा मांगने पर मिल रही जान से मारने की धमकी
सोनभद्र। बनारस पाली हॉस्पिटल उर्मोरा के डायरेक्टर सूर्य प्रकाश पांडे व प्रशांत पांडे के खिलाफ उनके ही स्टाफ संतोष देव पांडे ने जान से मारने की धमकी और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक सोनभद्र से न्याय की गुहार लगाई है। भवानी गांव निवासी संतोष देव पांडे पुत्र भुवनेश्वर पांडे ने प्रार्थना पत्र में बताया कि वह बनारस पाली हॉस्पिटल में स्टाफ के रूप में कार्यरत हैं। आरोप है कि डायरेक्टर सूर्य प्रकाश पांडे व प्रशांत पांडे ने उनसे हर महीने प्रॉफिट देने का वादा कर पैसा लगाने को कहा। पीड़ित ने केसीसी लोन लेकर बिटिया की शादी के लिए मदद की उम्मीद में सूर्य प्रकाश पांडे के खाते में ढाई लाख रुपये ऑनलाइन, प्रशांत पांडे को ढाई लाख रुपये नकद तथा स्टाफ प्रभाकर दुबे को 50 हजार रुपये ऑनलाइन दिए। संतोष का आरोप है कि दो-तीन महीने बाद भी कोई प्रॉफिट नहीं मिला। पैसा वापस मांगने पर एक लाख रुपये का चेक दिया गया और बाकी रकम धीरे-धीरे देने की बात कही गई। 6 महीने बीत जाने के बाद भी पूरा पैसा नहीं मिला। पीड़ित ने आरोप लगाया कि अब पैसा मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। रात में गाड़ियों से घर तक पीछा किया जा रहा है, जिससे परिवार सदमे में है। संतोष का यह भी आरोप है कि प्रशांत पांडे खुद को विधायक का आदमी बताकर पुलिस से संबंधों का हवाला देते हुए डराते हैं।


आरोप है कि पुलिस अधिकारियों के साथ फोटो दिखाकर धमकाया गया कि 10 लाख पुलिस को देकर जिंदगी भर नौकर बनाकर रखेंगे। पीड़ित ने एसपी सोनभद्र से मिलकर प्रार्थना पत्र दिया है और मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं दूसरी तरफ बनारस पाली अस्पताल से प्रशांत पांडे ने बताया कि जितने भी आरोप लगे हैं वह सब निराधार हैं सूद पर पैसा चलाने वाला युवक था 20% 15% पर सूद लेते रहें, वही रही पैसे के लेनदेन की तो मेरे द्वारा भी उसको दिया गया है जिसका हिसाब मेरे पास है पुलिस के अधिकारियों से मुलाकात करके मेरे द्वारा भी अपना पक्ष रखा जाएगा।




