चंदौली जिले के नौगढ़ विकासखंड अंतर्गत मझगावां ग्राम पंचायत में बुधवार को मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी क्लस्टर आवास योजना के तहत 108 भूमिहीन परिवारों को पट्टा एवं पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में योजना की शुरुआत की गई।

उप जिलाधिकारी विकास मित्तल ने कहा कि सरकार गरीब एवं भूमिहीन परिवारों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि 108 पात्र भूमिहीन परिवारों को भूमि का पट्टा देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, साथ ही क्लस्टर आवास योजना के तहत उन्हें पक्का मकान भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण गरीबों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेगी।
खंड विकास अधिकारी विकास कुमार ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी इन परिवारों को उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्लस्टर आवास योजना केवल आवास तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से पात्र परिवारों को मूलभूत सुविधाओं से भी जोड़ा जाएगा।

ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत सिंह “सुड्डू” ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरीब, वंचित और भूमिहीन परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पात्र लाभार्थियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं ग्राम प्रधान ईश्वर कुमार ने इस योजना को ग्राम पंचायत के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे गरीब परिवारों का स्थायी आवास का सपना साकार होगा।
कार्यक्रम के दौरान एडीओ पंचायत अनिल सिंह, एडीओ पंचायत उपेंद्र साहनी, अजय यादव (विक्की), रिंकू यादव सहित कई अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




