शादी का झांसा, दुष्कर्म और जबरन गर्भपात का आरोप

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- वर्षों तक शोषण के बाद आरोपी गिरफ्तार, एससी-एसटी एक्ट में भेजा गया जेल

O- सोशल मीडिया से हुई पहचान, शादी का वादा कर बनाया संबंध; गर्भपात कराने और जातिसूचक अपमान का भी आरोप

सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)।  सोनभद्र जिले में महिलाओं के खिलाफ अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है। शादी का झांसा देकर युवती के साथ वर्षों तक कथित तौर पर दुष्कर्म करने, गर्भवती होने पर गर्भपात कराने और बाद में शादी से इनकार कर मारपीट व जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने के आरोप में ओबरा पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से सुनील कुमार मौर्या नामक युवक से हुई थी। आरोप है कि आरोपी ने विवाह का झूठा आश्वासन देकर कई वर्षों तक युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि जब वह गर्भवती हुई तो आरोपी उसे नोएडा ले गया, जहां शादी का भरोसा देकर गर्भपात कराने का दबाव बनाया गया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसकी जानकारी और सहमति के बिना गर्भपात संबंधी दवा दी गई तथा 27 मई 2026 को एक निजी अस्पताल में उसका गर्भपात करा दिया गया। इसके बाद जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी और उसके परिजनों ने कथित रूप से उसके साथ मारपीट की, अभद्र व्यवहार किया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया।

पीड़िता की तहरीर के आधार पर ओबरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं तथा एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ओबरा स्थित शारदा मंदिर के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में महिलाओं के विरुद्ध अपराध और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार से जुड़े मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है तथा ऐसे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?