स्केटिंग के बाद अब साइकिल से केदारनाथ और वैष्णो देवी धाम की कठिन यात्रा पर निकला नौगढ़ का लाल, अवनीश बना युवाओं के लिए प्रेरणा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ क्षेत्र का युवा अवनीश यादव एक बार फिर अपने साहस, जुनून और धार्मिक आस्था को लेकर सुर्खियों में है। स्केटिंग के माध्यम से खाटू श्याम धाम की सफल यात्रा पूरी करने के बाद अब अवनीश ने साइकिल से बाबा केदारनाथ धाम की कठिन यात्रा शुरू कर दी है। रविवार सुबह उनके दोस्तों ने उत्साह के साथ उन्हें शुभकामनाएं देते हुए यात्रा के लिए रवाना किया।

सोशल मीडिया पर ‘स्केटिंग किंग’ के नाम से पहचान बना चुके अवनीश यादव इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक पर अपने स्केटिंग स्टंट और एडवेंचर वीडियो के लिए जाने जाते हैं। उनकी कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने स्केटिंग करते हुए खाटू श्याम धाम पहुंचकर दर्शन किए थे, जिसके बाद अब उन्होंने साइकिल से केदारनाथ धाम की यात्रा का संकल्प लिया है।

अवनीश यादव ने बताया कि इस यात्रा में उनके दोस्तों ने हर कदम पर उनका पूरा सहयोग किया। उन्होंने कहा कि रविवार सुबह उनके मित्रों ने उन्हें हौसला बढ़ाते हुए यात्रा के लिए रवाना किया। उन्होंने बताया कि उनका पहला लक्ष्य केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन करना है। इसके बाद वह बिना रुके साइकिल से ही जम्मू स्थित मां वैष्णो देवी धाम की यात्रा भी करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक रोमांचक सफर नहीं, बल्कि उनकी आस्था, आत्मविश्वास और संकल्प की परीक्षा भी है। बिना किसी बड़े संसाधन और बाहरी सहारे के वह सिर्फ अपनी साइकिल, मोबाइल फोन और जरूरी सामान के साथ हजारों किलोमीटर की यात्रा पर निकले हैं।

अवनीश के पिता राम करे यादव सरकारी विद्यालय में शिक्षामित्र हैं। बेटे के इस साहसिक और आध्यात्मिक अभियान पर उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए उसकी सुरक्षित और सफल यात्रा की कामना की है।

नौगढ़ सहित पूरे चंदौली जिले में अवनीश यादव की इस अनोखी साइकिल यात्रा की चर्चा है। स्थानीय लोग उनके जज्बे और साहस की सराहना कर रहे हैं तथा इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक पहल बता रहे हैं।

Leave a Comment

1504
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?