उपजिलाधिकारी दुद्धी बोले- सभी व्यवस्थाएं पुख्ता रखें, खेल मैदान व औरहवा-कुंडाडीह स्थलों का लिया जायजा
म्योरपुर/सोनभद्र। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे की तैयारियों के मद्देनजर उपजिलाधिकारी दुद्धी ने सोमवार को म्योरपुर क्षेत्र में संभावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। प्रशासन ने आगमन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। उपजिलाधिकारी ने सबसे पहले म्योरपुर खेल मैदान का जायजा लिया। वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं, मंच, बैठने की जगह, सुरक्षा व अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद वह औरहवा-कुंडाडीह पहुंचे, जहां कार्यक्रम के लिए दो संभावित स्थलों का निरीक्षण कर आयोजन की संभावनाओं का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, जल निकासी, विद्युत व्यवस्था, बैरिकेडिंग व पार्किंग के निर्देश दिए।उपजिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम गरिमापूर्ण व व्यवस्थित हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय कर काम करें। समय रहते सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं ताकि कोई कमी न रहे। निरीक्षण के दौरान ब्लॉक प्रमुख म्योरपुर मानसिंह गोंड, थाना प्रभारी म्योरपुर रविकांत मिश्र, ग्राम प्रधान कुंडाडीह सुरेंद्र चंद्रवंशी, लेखपाल सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन अब सभी स्थलों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।






