पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने उठाए सुरक्षा इंतजामों पर सवाल, सुबह फिर शुरू होगी तलाश
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सोनभद्र नगर स्थित रामसरोवर तालाब में बुधवार को मछली पकड़ने गया एक युवक गहरे पानी में डूब गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड व स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। रात 8 बजे तक युवक बरामद नहीं हो सका।
घटनास्थल पर पहुंचे सपा के पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने बताया कि उसी मुहल्ले के 45 वर्षीय विमलेश कुमार मछली पकड़ने के दौरान पानी में उतरे थे, लेकिन अचानक गहराई में जाने से डूब गए। घटना से परिवार में कोहराम है। युवक की पत्नी, तीन बेटियों और दो बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन तालाब किनारे बैठकर किसी चमत्कार की उम्मीद लगाए हुए हैं।

पूर्व विधायक ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि घटना के कई घंटे बाद भी मौके पर कोई प्रशिक्षित गोताखोर नहीं पहुंचा, जो राहत-बचाव व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह है। तालाब पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं और लोगों को सतर्क करने की भी कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी को सूचना देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि बुधवार की रात 8:00 बजे तक युवक नहीं मिली। गोताखोर व अन्य टीम वापस लौट गई है। सुबह से फिर तलाश शुरू की जाएगी।






