2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व ने जताया भरोसा, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के निर्देश
सोनभद्र। सबसे पहले मैं कांग्रेस की राष्ट्रीय नेता सोनिया गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, जननायक नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मोना मिश्रा एवं प्रयाग जोन प्रभारी वरुण चौधरी का हृदय की गहराइयों से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता पर पुनः भरोसा जताया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के शीर्ष नेतृत्व ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को दृष्टिगत रखते हुए संगठन के प्रति समर्पित नेताओं पर पुनः भरोसा जताया है। इसी क्रम में रामराज सिंह गोंड को चौथी बार जनपद सोनभद्र का जिलाध्यक्ष तथा हाजी फरीद अहमद को दूसरी बार शहर अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
ज्ञातव्य हो कि 17 जुलाई 2019 को हुए चर्चित उभ्भा कांड के उपरांत कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के सोनभद्र दौरे के बाद, अक्टूबर 2019 में रामराज सिंह गोंड को पहली बार जनपद सोनभद्र का जिलाध्यक्ष बनाया गया था। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा को देखते हुए पार्टी ने उन्हें 2022 के विधानसभा चुनाव में ओबरा (402) विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया। चुनाव के दौरान कार्यवाहक जिलाध्यक्ष का दायित्व हाजी फरीद अहमद को सौंपा गया था, किंतु चुनाव के पश्चात रामराज सिंह गोंड को पुनः दूसरी बार जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई।
इसके पश्चात 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद वर्ष 2025 में उन्हें तीसरी बार जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। हाल ही में वर्ष 2026 में संगठनात्मक समीक्षा एवं पदाधिकारियों के चयन हेतु AICC और PCC पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) जनपद में भेजे गए थे। आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनज़र 13 नवंबर को रामराज सिंह गोंड को चौथी बार पुनः सोनभद्र जिलाध्यक्ष तथा हाजी फरीद अहमद को दूसरी बार शहर अध्यक्ष घोषित किया गया है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम एवं प्रदेश अध्यक्ष आराधना मोना मिश्रा की उपस्थिति में आयोजित कार्यशाला के माध्यम से पूरे प्रदेश के सभी जिला एवं शहर अध्यक्षों को अपने पदों पर यथावत बने रहकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।









