जिले के छठ घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, छठी मइया के गीतों से भक्तिमय हुआ वातावरण
सोनभद्र। जिले में तालाबों-नहरों पर छठ व्रती महिलाओं ने पूजन-अर्चन किया। संध्या अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने देश-प्रदेश सहित परिवार की सुख-समृद्धि मांगी।
स्थानीय ब्लॉक के कस्बा स्थित बजरंग सरोवर में रविवार को छठ महापर्व पर सैकड़ों व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया। इस दौरान महिलाओं ने भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना कर देश, समाज और परिवार के सुखमय एवं समृद्ध जीवन की कामना की।
क्षेत्र के गोविंदपुर, रनटोला, खैराही, रासपहरी, किरबिल, देवरी, लीलासी समेत विभिन्न गांवों के छठ घाटों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पारंपरिक वेशभूषा में सजी व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। वहीं कस्बे में रविवार की रात देवी जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति गीतों पर देर रात तक झूमते रहे।







समिति के अध्यक्ष गणेश जायसवाल और उपाध्यक्ष पंकज सिंह ने बताया कि छठ पर्व को लेकर घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समिति के कार्यकर्ताओं ने व्यवस्था की। मौके पर मजिस्ट्रेट के रूप में नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह, लेखपाल मुकेश, प्रवीण, रोहित, सीएचसी से स्वास्थ्य टीम का नेतृत्व डॉ. लाल जी भी मौजूद रहे।









