20 वर्षों से दुकान लगाने का दावा, कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर डीएम को सौंपा ज्ञापन
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज मंडी में फल-सब्जी की फुटकर दुकान लगाने वाले विक्रेताओं ने दुकानें हटाए जाने के विरोध में गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। दुकानदारों का आरोप है कि 14 अक्टूबर को मंडी के अधिकारियों ने बिना पूर्व सूचना दिए उनकी झोपड़ियां तोड़ दीं और सामान भी नष्ट कर दिया। इससे परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मंडी परिसर में ही दुकान लगाने के लिए स्थान उपलब्ध कराने की मांग की।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमेश मिश्रा के नेतृत्व में पहुंचे दुकानदारों ने ज्ञापन में बताया कि वे मंडी में करीब 20 वर्षों से फल-सब्जी का कारोबार कर रहे थे। इतने लंबे समय में किसी तरह की शिकायत नहीं हुई। आरोप है कि 14 अक्टूबर को मंडी के अधिकारी पहुंचे और बिना कुछ बताए उनकी झोपड़ियां तोड़कर फेंक दीं। इससे दुकानों में रखा सामान भी नष्ट हो गया। दुकानें उजड़ने से रोजी-रोटी प्रभावित हो गई है।
दुकानदारों ने मांग की कि उन्हें मंडी परिसर में किसी उपयुक्त स्थान पर व्यवस्थित किया जाए। इसके लिए निर्धारित शुल्क मासिक रूप से जमा करने को भी तैयार हैं। यदि तत्काल जगह उपलब्ध कराने में समय लगता है तो रास्ता छोड़कर नीचे की ओर खाली जमीन पर अस्थायी रूप से दुकान लगाने की अनुमति दी जाए। दुकानदारों का कहना है कि दीपावली का त्योहार नजदीक है और कारोबार बंद होने से परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि बाद में मंडी के अंदर निर्धारित स्थान पर शिफ्ट किए जाने पर वे वर्तमान जगह खाली कर देंगे और नियमानुसार शुल्क भी जमा करेंगे। प्रदर्शन में राना सोनकर, जियालाल, विफनराम, चंदन सोनकर, काशी सोनकर और अर्जुन प्रसाद सहित अन्य लोग शामिल रहे।









