राम सरोवर, पुसौली अकड़हवा पोखरा सहित प्रमुख घाटों का निरीक्षण, सफाई दुरुस्त करने के निर्देश
सोनभद्र। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रॉबर्ट्सगंज नगर क्षेत्र के घाटों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा में परेशानी न हो, इसके लिए नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार के साथ बुधवार को विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
पालिकाध्यक्ष ने राम सरोवर, पुसौली पोखरा, अकड़हवा पोखरा और मेहुड़ी नहर सहित प्रमुख छठ घाटों पर पहुंचकर स्थिति देखी। उन्होंने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कर्मचारियों को घाटों की नियमित सफाई कराने और पूजा से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि छठ पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। घाटों के आसपास जमा गंदगी हटाने, रास्तों को सुगम बनाने और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
पालिकाध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि सभी घाटों पर समय रहते तैयारियां पूरी कराई जाएं, ताकि व्रतियों को अर्घ्य देने के दौरान असुविधा न हो।
इस मौके पर सभासद अनवर अली, मनोज चौबे, संजय श्रीवास्तव, धर्मराज जैन, राजू पासी, बिमलेश, अजीत सिंह, सुजीत आदि मौजूद थे।









