घोरावल में महिला से 30 हजार की लूट का प्रयास, ग्रामीणों ने तीन लुटेरों को दबोचा
सोनभद्र। थाना घोरावल पुलिस ने बैंक से रुपये निकालकर घर जा रही महिला से 30 हजार रुपये की लूट का प्रयास करने वाले तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में हुई कार्रवाई में लूट के 30 हजार रुपये नगद, बैंक पासबुक और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
मंगलवार को वादिनी अपनी सास, ससुर और गांव की अन्य महिलाओं के साथ ग्राम औराही स्थित इंडियन बैंक से आवास निर्माण हेतु 30 हजार रुपये निकालकर पैदल घर जा रही थी। पटका गांव मोड़ से करीब 20-25 मीटर आगे पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्तियों ने रुपये से भरा झोला छीनकर भागने का प्रयास किया। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने घेराबंदी कर तीनों को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तलाशी में लूटे गए रुपये और पासबुक बरामद की। अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्तों को न्यायालय भेजा गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में कन्हैया लाल विश्वकर्मा (21) निवासी अठौना, सुनील विश्वकर्मा उर्फ पिंटू (23) निवासी सदारी और रामसुंदर पांडेय उर्फ रामू पांडेय (20) निवासी अठौना, थाना शाहगंज शामिल हैं। दो आरोपी हिस्ट्रीशीटर बताए गए हैं।
गिरफ्तारी टीम में उप निरीक्षक शेष नारायण पांडेय, हेड कांस्टेबल इम्तियाज और कांस्टेबल गंगाचरन शामिल रहे।









