बालू लदे तेज रफ्तार टीपर ने आटा लदे मिनी ट्रक को मारी टक्कर, ग्रामीणों में आक्रोश
म्योरपुर (सोनभद्र)। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के झारोखुर्द गांव में बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे विद्युत सब स्टेशन से लगभग 200 मीटर की दूरी पर तीन वाहनों की भीषण टक्कर में मिनी ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बालू लादकर तेज रफ्तार से जा रहा टीपर संख्या UP64 BT1358 टर्निंग के पास सामने से आ रहे आटा लदे मिनी ट्रक से जोरदार टकरा गया। इसके बाद पीछे से आ रही बोलेरो को भी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टीपर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया और तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में मिनी ट्रक चालक राजकुमार (32), निवासी बैढ़न, सिंगरौली की मौके पर मौत हो गई। मिनी ट्रक में बैठे सहयोगी ठाकुर प्रसाद केशरी (40), निवासी पोथीपाथर, बीजपुर गंभीर घायल हुए। टीपर चालक प्रदीप कुमार निवासी डाला को भी गंभीर चोटें आईं। बोलेरो चालक दौलत मौर्य (45), निवासी मानपुर, रामगढ़ को हल्की चोटें आईं, जबकि बोलेरो में सवार सोनू अहमद, निवासी पिपरी भी घायल हुए।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर घायलों को बाहर निकाला। डायल 112 और एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में बालू लदे टीपर तेज रफ्तार से दौड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने गति, परमिट और कागजात की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।









